हरदोई। शहर की सफाई व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। गलियां तो छोड़िए मुख्य मार्ग तक में गंदगी के ढेर लगे रहते हैं। इससे शायद पालिका भी अनजान नहीं है। जिसके बाद सफाई का कार्य निजी हाथों में सौंपने की पूरी तैयारी है। संसाधन भरपूर होने के बाद भी पालिका 10 वार्डों में सफाई का कार्य निजी फर्म को दे रही है। ऐसे में साफ है कि शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर पालिका हाथ खड़े कर चुकी है।
कूड़ा है कभी हटता ही नहीं
घंटाघर रोड पर दो कूड़ाघर हैं जिनसे कूड़ा कभी हटता ही नहीं। सफाई ढंग से न होने के बाद हर वक्त सड़ांध रहती है। इसी मार्ग पर एक होटल के सामने बने कूड़ाघर में हर वक्त सड़ांध आने से लोगों को परेशानी होती है।
ऐसी है सफाई तभी तो निजी फर्म बुलाई
सरकुलर रोड पर बेलाताली के पास रोज लगने वाले कूड़े के ढेर को देखकर लोगों का कहना है कि ऐसी सफाई व्यवस्था है तभी तो बेबस पालिका को प्राइवेट फर्म बुलानी पड़ गई। देखना ये है कि पालिका का ये फैसला कितना सही होगा।
इसकी तो सफाई कर्मी सुध ही नहीं लेते
कैनाल रोड पर सिर्फ यही नहीं कई ऐसी जगहें हैं जहां से कूड़ा उठाने वाले सफाई कर्मी निकल जाते हैं लेकिन कोई सुध ही नहीं लेते। जिसके बाद कूड़ा यूं ही सड़ता रहता है।
डोर टू डोर एकत्र किया जाएगा कूड़ा
राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण एनजीटी की मानीटरिंग में शहर की सफाई अच्छी नहीं पाई गई। जिसके बाद शहर के 26 में से 10 वार्डों की सफाई निजी हाथों में सौंपे जाने की तैयार की जा रही है। ये कंपनी डोर टू डोर कूड़ा कलेक्ट करेगी और सूखा व गीला कूड़ा अलग-अलग लिया जाएगा।
ये हैं पालिका के पास उपलब्ध संसाधन
विभागीय सफाईकर्मी 143
संविदा सफाईकर्मी 140
आउटसोर्सिंग कर्मी 155
टिपर 8
ट्रैक्टर ट्राली 4
जेसीबी 01
थ्री व्हीलर 01
हाथ ठेलिया 130
ईओ नगर पालिका रविशंकर शुक्ला का कहना है कि ट्रायल के रूप में पहले 10 वार्ड दिए जाएंगे। प्रयोग सफल रहा तो बाकी के वार्डों में भी सफाई की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। नगर पालिका चेयरमैन सुख सागर मिश्रा मधुर का कहना है कि पालिका का ये कदम उचित होगा। इससे निश्चित रूप से शहर में सफाई रहेगी।