अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम डालखेड़ा में शुक्रवार की रात डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों में लाठी डंडे चल गए। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर होने पर लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। ट्रामा सेंटर मेें उपचार के दौरान शनिवार शाम लगभग सवा सात बजे घायल की मौत हो गई।
शुक्रवार रात गांव में ही नरेश पुत्र कल्लू के घर के बाहर डीजे बज रहा था। अतरौली थाने में तैनात फालोवर राज कुमार के पुत्र धीरज और सूरज वहां पर आ गए और डीजे जोर से बजाने पर आपत्ति जताई। इसी बीच वहां पहुंचे राधे पुत्र महावीर ने भी डीजे बजाने से मना किया।
इसी बीच धीरज, सूरज और राधे ने नरेश की दुकान पर रखे काउंटर, तख्त, जनरेटर को तोड़ दिया। मारपीट की सूचना पर नरेश को बचाने पहुंची उसकी पत्नी रामदेवी व चचेरे भाई अनूप पुत्र जियाराम पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया। घटना में नरेश, रामदेवी और अनूप घायल हो गए।
अनूप को गंभीर हालत में लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया जहां शनिवार देर शाम उसकी मौत हो गई। उधर दूसरे पक्ष के धीरज पुत्र राज कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसने और गांव निवासी छोटक्के ने साथ में शराब पी थी, इसके बाद छोटक्के ने उसके परिजनों को लेकर अभद्र टिप्पणी कर दी, इसी को लेकर कहा सुनी हुई। कुछ देर बाद छोटक्के, पंकज, रंजीत, भईयन, अनूप और नरेश ने मारा पीटा।
बचाने आए सूरज को भी लाठी डंडों से पीट दिया। प्रभारी थानाध्यक्ष सोनू ने बताया कि नरेश की तहरीर पर धीरज, सूरज और राधे के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। दूसरे पक्ष से रंजीत और भईयन का चालान शांतिभंग में किया गया है। हंसराज, छोटेलाल, धीरज और सूरज का चालान भी शांतिभंग में हुआ है।