संडीला। लखनऊ-हरदोई रोड स्थित कस्बा चौराहा से कस्बेे के अंदर जाने वाला मुख्य मार्ग जर्जर हो चुका है। मात्र दो साल पहले बने मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहनों चालकों व सड़क पर पैदल चलने वालों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के लोगों का कहना है कि शिकायत के बाद पालिका कुछ एक जगहों पर पैच वर्क करा जैसे तैसे काम चला रही है।
कस्बे के बस स्टॉप से इमलिया बाग तक जाने वाले मुख्य मार्ग का निर्माण पालिका द्वारा 2017-18 में कराया गया था। सड़क पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। कोतवाली से लेकर बस स्टॉप तक सड़क की हालत सबसे दयनीय है। इस बीच में खस्ता हाल हुई सड़क पर कई बार पैचिंग कराई गई, लेकिन सड़क पर फिर से गड्ढे हो गए हैं। यह कस्बे का मुख्य मार्ग है। सड़क पर गड्ढे से कारण वाहन फंसने पर जाम लगता है, साथ ही आए दिन लोग गिरकर चोटहिल होते हैं।
कस्बे के लोगों का कहना है कि मात्र दो साल के अंदर ही सड़क खराब हो गई, लेकिन इसके बाद भी जिम्मेदार इस कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। लगातार शिकायत के बाद पालिका द्वारा कहीं कहीं पर पैच वर्क करा दिया जाता है, लेकिन वह भी लंबे समय तक नहीं रुकता है। बताया कि सड़क खराब होने के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं, रिक्शा व ई-रिक्शा वालों को खासी परेशानी होती रहती है। आए दिन कोई न कोई इन गड्ढों में गिरकर चोटहिल होता रहता है।