सांडी। चोरों ने शुक्रवार की रात कस्बे के मोहल्ला नवाबगंज में बघौली रोड स्थित बंद घर को अपना निशाना बनाया। चोरों ने घर में रखी नगदी व अन्य सामान चोरी कर लिया। पीड़ित से तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हरपालपुर के ग्राम खमौरा निवासी संदीप पुत्र बलवीर कस्बे में बघौली रोड पर स्थित एक मकान में किराये पर रहता है। संदीप ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार की रात वह परिवार के साथ गांव गया था। घर में ताला पड़ा हुआ था। देर रात चोरों ने मेन गेट का ताला तोड़ दिया।
ताला तोडने के बाद अंदर घुसे चोरों ने कमरे में रखी अलमारी व बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखी नगदी समेत दो सोने की चेन, 4 अंगूठी, सोने के झुमके व पायल आदि चोरी कर लिए। संदीप चोरी की नगदी के बारे में सही जानकारी नहीं दे सका। बताया कि सुबह वापस आने पर ताला टूटा मिला। एसओ अखिलेश यादव ने बताया कि तहरीर मिली है जांच कर कार्रवाई की जाएगी ।