हरदोई/सांडी। सांडी कस्बे में बीते तीन माह में चोरों ने पांच स्थानों पर चोरी कर पुलिस को चुनौती दी है। चोर चोरी करने में मस्त हैं, पुलिस पस्त नजर आ रही, जिससे बाशिंदों ने पुलिस गश्त पर भी सवाल उठाए हैं। ताबड़तोड़ वारदातों से लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश है।
सांडी कस्बे में इन दिनों चोरों का आतंक बना हुआ है। एक के बाद एक चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे, लेकिन पुलिस वारदातों पर अंकुश लगाने में असहाय साबित हो रही, जिससे चोर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
कस्बे के लोगों के मुताबिक, अब तक चोर पांच घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। पुलिस रात में गश्त करते नहीं दिखती। कभी कभार जीप में सायरन बजाकर पुलिस कर्मी निकलते हैं, लेकिन पैदल गश्त नहीं दिखती, जिससे चोर कोहरे और सर्दी के कारण आसानी से चोरी कर रहे हैं।
गश्त वाले पुलिस कर्मी एक स्थान पर बैठकर ही समय पास करते हैं। जिससे चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। 28 दिसंबर को सांडी कस्बे में थाने से चंद कदम दूरी पर चोरों ने उत्पात मचाया था।
पांच दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की थी। वहीं, 22 दिसंबर की रात कस्बे स्थित मैरिज लान में चोरों ने धावा बोलकर चोरी को अंजाम दिया था, जबकि 13 जनवरी की रात कस्बे के प्रसिद्ध मंदिर से शिवलिंग से चांदी का मुकुट चोरी हुए थे।
अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। उधर, तीन फरवरी की रात चोरों ने सतीश जोशी के बंद मकान से नकदी, जेवर पार किए थे। घटना के समय सतीश परिवार समेत गंगा पर कल्पवास करने गया था।
इस बाबत एसओ बाल कृष्ण मिश्रा ने कहा कि चोरों द्वारा बंद मकान को निशाना बनाया जाता है। अगर कहीं जाते हैं तो सूचना थाने पर देकर जाएं। इसके अलावा जो चोरी की वारदातें हुई हैं, उनका जल्द खुलासा किया जाएगा।