हरदोई। हौसला योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को हाटकुक्ड भोजन और अतिकुपोषित बच्चों को मौसमी फल देने के ही तरह अब बाल विकास विभाग भी गर्भवती महिलाओं और अतिकुपोषित बच्चों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने की योजना बना रहा है।
बाल विकास विभाग की नवीन योजना के तहत अतिकुपोषित बच्चों को घी खिलाया जाएगा जबकि गर्भवती महिलाओं को दूध का पाउडर मिलेगा । बाल विकास निदेशक आनंद कुमार सिंह ने अपने पत्र में योजना की जानकारी देते हुए बताया कि माह में 25 दिन तक गर्भवती महिलाओं को मिल्क पाउडर के माध्यम से 175 मिली दूध और अतिकुपोषित बच्चे को 15 मिली व 20 मिली घी दिया जाएगा। जिसके लिए उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को दुग्ध संघ के महाप्रबंधक से संपर्क कर आंगनबाड़ी केंद्र पर दूध पाउडर व घी की आपूर्ति करने के संबंध में जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इस संबंध में रिपोर्ट भी तलब की है।
पीसीडीएफ से सूचनाएं देने के निर्देश
हरदोई। जिला कार्यक्रम अधिकारी से बाल विकास निदेशक आनंद कुमार सिंह ने पीसीडीएफ को जनपदवार व ब्लाकवार आंगनबाड़ी केंद्रों की सूची, आंगनबाड़ी केंद्रवार गर्भवती महिला व बच्चों की संख्या, जनपद में आंगनबाड़ी केंद्र का पता और सुपरवाइजर का नाम और मोबाइल नंबर की सूची मांगी है।
!! बच्चों को घी और गर्भवती को दूध का पाउडर दिए जाने के संबंध में अभी जानकारियां एकत्रित की जा रही हैं। सूचनाएं निदेशालय और पीसीडीएफ को जल्द भेज दी जाएंगी।!!
जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश कुमार