बेहटा गोकुल। चंदूपुर खैराई गांव के खेत में धान की बाली बीन रहा बच्चा फसल की कटाई कर रही कंबाइन मशीन की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था।
थाना क्षेत्र के चंदूपुर खैराई गांव में अनिल कुमार के खेत में कंबाइन मशीन से धान की फसल काटी जा रही थी। इसी खेत में गांव के कई बच्चे धान की बाली बीन रहे थे। गांव निवासी नरवीर का पुत्र अंकित (8) भी बाली बीन रहा था। इस दौरान अचानक चालक ने कंबाइन मशीन पीछे की तरफ (बैक) चला दी। इस कारण अंकित मशीन की चपेट में आ गया।
उसके सिर पर मशीन का पहिया चढ़ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी पर परिजन बिलखते हुए मौके पर पहुंचे। वह प्राथमिक विद्यालय में कक्षा तीन का छात्र था। प्रभारी निरीक्षक इंद्रेश यादव ने बताया कि नरवीर की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।