हरदोई। थाना क्षेत्र के सहिजना गांव में बुधवार की सुबह घर के बाहर गलियारे में खेल रहे एक मासूम बच्चे पर मकान का छज्जा टूट कर गिर पड़ा। दूसरी मंजिल से गिरे छज्जे के मलबे में दबकर बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मलबे में दबने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे सीएचसी लेकर गए, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सहिजना गांव निवासी मोहनलाल खेती कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। उनके पांच बच्चों में सबसे छोटा बेटा आकाश (7) गांव के ही प्राथमिक विद्यालय का छात्र था। पिता मोहनलाल ने बताया कि बुधवार की सुबह करीब 11 बजे आकाश गलियारे में खेल रहा था। इसी बीच मकान की दूसरी मंजिल का छज्जा अचानक भरभरा कर उसके ऊपर गिर पड़ा। उसकी चीख सुन कर घर के अंदर से परिजन और आसपास के लोग दौड़े और मलबे के नीचे दबे आकाश को बाहर निकाला। परिजन उसे लेकर सीएचसी माधौगंज पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में बेटे की मौत के बाद मां मीना भी बदहवास होकर बार बार बेहोश होती रही। पुलिस ने शव कब्जे में लेते हुए हादसे की जांच शुरु कर दी है। माधौगंज पुलिस ने बताया कि परिजनों से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।