मल्लावां (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सढ़ियनपुरवा में बेटे के अन्नप्राशन के मौके पर डीजे पर नाच के दौरान पिता ने तमंचे से हर्ष फायरिंग कर दी। कार्यक्रम में आए दो मासूम गोली लगने से घायल हो गए। इनमें एक की मौत हो गई। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पिता-पुत्र के विरुद्ध हत्या और जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है।
सढ़ियनपुरवा निवासी शिवराम खेती करता है। उसके नौ माह के पुत्र का अन्नप्राशन संस्कार शुक्रवार को था। रात में दावत थी। इस दौरान डीजे पर नाच चल रहा था। बड़ी संख्या में ग्रामीण और बच्चे नाच देख रहे थे। इसी दौरान शिवराम ने तमंचे से हर्ष फायरिंग कर दी। गांव के कनिष्क (8) पुत्र कमलेश और विपिन (10) पुत्र अर्जुनलाल को गोली लग गई। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। पेट में गोली लगने से कनिष्क और हाथ में गोली लगने से विपिन वहीं गिर पड़े।
आनन फानन ही दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मल्लावां ले जाया गया। लेकिन तब तक कनिष्क ने दम तोड़ दिया। विपिन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना का पता चलने पर एएसपी पूर्वी अनिल यादव, सीओ बिलग्राम विशाल यादव और कोतवाल सुनील सिंह ने घटनास्थल की जांच की। कोतवाल सुनील कुमार ने बताया कि मृतक के पिता कमलेश की तहरीर पर शिवराम और उसके पिता पुत्तीलाल के विरुद्ध हत्या और जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी फरार हैं और गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गईं हैं।