हरदोई। बदले हुए बारिश के मौसम में रोडवेज बसों की रफ्तार धीमी हो गई है। हरदोई से शाहजहांपुर, सीतापुर और लखीमपुर जाने वाली बसों को सामान्य दिनों की तुलना में करीब एक से डेढ़ घंटे अतिरिक्त समय लग रहा है।
हरदोई से शाहजहांपुर की बस यात्रा सामान्य तौर पर करीब दो घंटे 15 से 30 मिनट की है। ऐसे में हरदोई से निकलने वाली बसों को सामान्य स्थिति में करीब ढाई घंटे में पहुंचना चाहिए जबकि मौजूदा मौसम में यह समय बढ़कर करीब साढ़े तीन से चार घंटे तक पहुंच रहा है। इसी तरह सीतापुर की भी सामान्य बस यात्रा करीब ढाई घंटे की है। अब करीब साढ़े तीन से चार घंटे तक लग रहे हैं। वहीं लखीमपुर जाने वाली बसों पर भी मौसम का असर है। सामान्य यात्रा समय की तुलना में करीब एक से डेढ़ घंटे तक अतिरिक्त लग रहा है।
चालक बोले, रफ्तार बढ़ाना सुरक्षित नहीं
रोडवेज चालक प्रवीण ने बताया कि बारिश होने के बाद भी सड़क पर कई जगहों पर कई दिन तक पानी भर जाता है। ऐसे स्थानों पर बस को धीमी गति से निकालना पड़ता है। यात्रियों की सुरक्षा के कारण तेज रफ्तार से बस चलाना संभव नहीं है।
बारिश के दौरान जलभराव और सड़क की स्थिति के अनुसार चालक बस की गति कम रखते हैं। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जलभराव वाले हिस्सों में बसों को सावधानी से निकाला जा रहा है। इससे कुछ मार्गों पर पहुंचने में सामान्य से अतिरिक्त समय लगना स्वाभाविक है। -वैभव रघुवंशी, डिपो प्रभारी