हरदोई। हरियावां टेंपो स्टैंड पर चंदे के नाम पर होने वाली वसूली से परेशान चालकों ने शनिवार को टेंपो संचालन बंद कर दिया और कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन भी सिटी मजिस्ट्रेट को सौंप कार्रवाई की मांग की।
कलक्ट्रेट परिसर में पहुंचे चालक राहुल गुप्ता, आलम आदि ने बताया कि हरियावां टेंपो स्टैंड पिहानी चुंगी पर संचालित होता है। आए दिन चालकों को परेशान किया जाता है। शनिवार को कई दबंग किस्म के लोगों ने आकर नियमित चंदा देने का दबाव बनाया और धमकियां भी दी जिससे टेंपो चालक संचालन बंद करने को विवश हुए। उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट गजेंद्र कुमार को ज्ञापन सौंपकर जांच कराकर अवैध वसूली करने वालों पर कार्रवाई कराए जाने की मांग की है। इस दौरान पवन, अनूप, संतोष, शिवम मिश्रा, ज्ञानेंद्र प्रताप मिश्र, अजय, दाताराम, विनय मिश्रा, प्रमोद आदि चालक मौजूद रहे।