बिलग्राम। भारतीय किसान यूनियन ने धान खरीद केंद्रों पर किसानों का धान न खरीदे जाने व पशु आश्रय स्थलों की खराब व्यवस्था समेत अन्य समस्याओं को लेकर शुक्रवार को तहसील में प्रदर्शन किया। भाकियू ने एसडीएम रामविलास को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं का निस्तारण किए जाने की मांग की।
एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन में पदाधिकारियों ने कहा कि तहसील स्तर पर खुले धान क्रय केंद्र पर किसानों का धान नहीं खरीदा जा रहा है, इससे किसान कम दामों पर व्यापारियों को माल बेंचने को मजबूर हैं। कहा कि जिले मेें खोले गए पशु आश्रय स्थलों की स्थिति काफी खराब है। आश्रय स्थलों में नाम मात्र के मवेशी हैं, जबकि बड़ी संख्या में अब भी अन्ना मवेशी सड़कों पर घूम रहे हैं और खेत में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। पदाधिकारियों ने कहा कि किसान सम्मान निधि जैसे महत्वपूर्ण योजना कर्मचारियों की वजह से सफल नहीं हो पा रही है। पदाधिकारियों ने अन्य कई प्रमुख समस्याएं भी उठाईं और समस्याओं का निस्तारण किए जाने की मांग की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजबहादुर यादव, शिवराज, शिवाकांत, सुरेश चंद्र अवस्थी, गिरीश चंद्र व जगदीश आदि मौजूद रहे।