हरियावां। ब्लॉक के हरियावां कस्बे की नालियों की अर्से से सफाई नहीं हुई है। इससे नाली का पानी रोड पर भर रहा है। इसके साथ ही मच्छर भी तेजी से पनप रहे हैं। कस्बे के लोगों ने नालियों की जल्द से जल्द सफाई कराने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि नालियों की सफाई न होने से बीमारियों फैलने की आशंका बढ़ रही है। कस्बे की आबादी लगभग पांच हजार है। इसमें तीन सफाई कर्मी की तैनाती है, लेकिन सफाई कर्मी कस्बे में नहीं दिखते।
इसके चलते अधिकतर नालियां जाम पड़ी हैं। इससे नालियों का गंदा पानी डाकघर को जाने वाले मुख्य मार्ग पर भर रहा है। डाकघर से भैयालाल के घर तक सड़क पर नाली के ऊपर पानी बह रहा है।
इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। रामलड़ैते ने बताया कि घर के सामने की नाली एक माह सफाई नहीं की गई। इसके कारण घर तक बदबू आती रहती है। आरोप लगाया कि नाली की सफाई की शिकायत कई बार ब्लॉक पर की, पर सुनवाई नहीं हुई।
छोटे शुक्ल ने बताया कि घर के सामने नालियां में कीचड़ भरा है। इससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ रहा है। चंद्र किशोर ने बताया कि सफाई कर्मी की मनमानी से नाली की सफाई नहीं की जा रही है।
उधर, एडीओ पंचायत अमित श्रीवास्तव ने बताया कि कर्मियों की जानकारी कार्रवाई की जाएगी। जल्द ही कस्बे की नालियों की सफाई कराई जाएगी।