हरदोई जिले के सांडी में वन विभाग और पुलिस की टीम ने शनिवार को ग्राम समजलपुर में छापा मारा। यहां ट्रक में लोड की जा रहीं 12 टन सीपें बरामद की हैं। पुलिस ने बिहार निवासी व्यापारी और ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कोईलाई गांव निवासी ठेकेदार भाग गया।
वन रेंजर हनुमान प्रसाद ने बताया कि बरामद की गई सीपों की कीमत 15 से 18 लाख रुपये है। थाना क्षेत्र के ग्राम समजलपुर और मोहम्दीपुर में काफी समय से गर्रा नदी से सीपें निकालकर एकत्रित की जा रही थीं।
सीपों की दुर्गंध से लोगों को खासी परेशानी हो रही थी, जिसकी लोगों ने वन विभाग और पुलिस से शिकायत की। शनिवार को पुलिस और वन विभाग की टीम ने छापा मारा। यहां टीम ने ट्रक के साथ बरामद 12 टन सीपों को कब्जे में ले लिया।
बिहार के थाना व गांव मोतीहारी निवासी व्यापारी मोहम्मद आलम और जिला संत कबीर नगर के खलीलाबाद कस्बा निवासी चालक चंद्रिका प्रसाद को हिरासत में ले लिया है। रेंजर हनुमान प्रसाद ने बताया कि पानी से सीप निकालना जीव जंतु के साथ क्रूरता है।