फोटो-28-घटना की जानकारी देते हरिशंकर। संवाद
- माधौगंज थाना क्षेत्र के क्योंटी ख्वाजगीपुर की घटना, तमंचे के बल पर किसान को धमकाया
संवाद न्यूज एजेंसी
माधौगंज। थाना क्षेत्र के क्योंटीख्वाजगीपुर में किसान के मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। आहट मिलने पर जागे किसान को तमंचा लगाकर जान से मारने की धमकी भी चोरों ने दी। चोर यहां से 1.54 लाख रुपये और लगभग तीन लाख रुपये कीमत के जेवर चोरी कर ले गए।
क्योंटी ख्वाजगीपुर निवासी हरिशंकर खेती करते हैं। उन्होंने मवेशी भी पाल रखे हैं। हरिशंकर ने बताया कि रविवार रात वह मकान से सटे गोड़े (मवेशी बांधने का स्थान) में मवेशियों के पास लेटा था। रात में लगभग एक बजे मकान के मुख्य दरवाजे में लगा ताला खुला मिला। इस पर उन्होंने अपनी पत्नी को आवाज दी।
उन्हें लगा कि पत्नी घर के अंदर गई हैं। कोई जवाब न मिलने पर वह अंदर घुस गए। दावा है कि चार नकाबपोश चोरों ने उन्हें पकड़ लिया और कमरे में ले गए। तमंचा लगाकर जान से मारने की धमकी दी। हरिशंकर के भाई राजेश के कमरे से 72 हजार रुपये, सोने के एक जोड़ी झाला, दो अंगूठी, एक मंगलसूत्र, तीन माला और एक जोड़ी पायल चोरी कर ली।
हरिशंकर के कमरे से तीस हजार रुपये। उनके बेटे रणवीर के कमरे से 52 हजार रुपये, सोने का एक मंगलसूत्र, एक जोड़ी पायल, एक कमर बिछुआ, एक अंगूठी चोरी करली। थानाध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि घटना संज्ञान में है। मौके पर जाकर निरीक्षण किया है। रिपोर्ट दर्ज की जाएगी और जल्द ही घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।