बिलग्राम। गंगा एक्सप्रेसवे पर मृत पड़े नीलगाय से टकराकर दंपती की कार अनियंत्रित होकर कई बार पलटने के बाद सीधी हो गई। इस दौरान पीछे से आई कार ने फिर से उनकी कार में टक्कर मार दी। घटना में दंपती घायल हो गए। एक्सप्रेसवे की राहत टीम ने दोनों को सीएचसी हरपालपुर पहुंचाया। यहां से दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया गया।
लखनऊ के अलीगंज के सेक्टर-एन निवासी राहुल (56) अपनी पत्नी सोनू अग्रवाल (53) के साथ कार से मेरठ जा रहे थे। शुक्रवार शाम लगभग साढ़े सात बजे बिलग्राम क्षेत्र के गंगा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 325 के पास मृत पड़े नीलगाय से उनकी कार टकराकर अनियंत्रित हो गई। राहुल ने बताया कि अनियंत्रित कार कई बार पलटने के बाद रुक गई। इस दौरान पीछे से आ रही दूसरी कार ने राहुल की कार में टक्कर मार दी। हादसे में राहुल और सोनू घायल हो गए। दूसरी कार पर सवार लोग कार समेत मौके से चले गए। घायल दंपती को सीएचसी बिलग्राम ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को लखनऊ रेफर कर दिया गया।
गंगा एक्सप्रेसवे पर कहां से आई नीलगाय, इसकी हो रही पड़ताल
गंगा एक्सप्रेसवे पर मृत पड़े नीलगाय को बचाने के प्रयास में हुए हादसे के बाद इसकी पड़ताल भी शुरू हो गई है। राहत टीम में शामिल शिवम और अंकित ने बताया कि निगरानी दल इसकी जांच कर रहा है कि नीलगाय एक्सप्रेसवे पर कहां से आ गई। हालांकि कोतवाल विजय कुमार ने भी बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है लेकिन घायल दंपती की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।