बेहंदर। संडीला-मल्लावां मार्ग पर बाइक सवार युवक को कार ने रौंद दिया। इससे बाइक सवार की मौत हो गई। बाइक सवार शिक्षक साइकिल सवार वृद्ध को टक्कर मारते हुए मार्ग पर गिर गया था और तभी पीछे से आ रही कार युवक पर चढ़ गई।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के संडीला-मल्लावां मार्ग पर बुधवार सुबह संडीला की ओर से जा रहे बाइक सवार ने साइकिल सवार वृद्ध को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद दोनों उछल कर मार्ग पर जा गिरे। इसी बीच पीछे से आ रही कार ने बाइक सवार माधौगंज थाना क्षेत्र के चंदौली निवासी मनोज (25) को रौंद दिया। इससे मनोज गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, बाइक की टक्कर से साइकिल सवार गौसगंज गांव निवासी अली हुसैन (75) भी घायल हो गए। घायलों को बेहंदर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, यहां पर डाॅक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर मनोज को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया था। संडीला पहुंचते ही मनोज ने दम तोड़ दिया। मृतक गांव में ही स्थित एक विद्यालय में शिक्षक था। परिवार में दो भाई हैं। थाना प्रभारी राम लखन ने बताया कि घटना की जानकारी है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।