फोटो-17- मोर्चरी के बाहर मौजूद मृतक अमित के परिजन। संवाद
पिहानी। जहानीखेड़ा मार्ग पर जाजू पारा गांव के पास रविवार देर शाम एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी और मौके से भाग निकली। बेकाबू बाइक दूसरी बाइक से जा टकराई जिससे दो बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। सभी को सीएचसी लाया गया। वहां से दो युवकों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। यहां चिकित्सक ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया जबकि दूसरे को लखनऊ रेफर किया।
पिहानी कोतवाली क्षेत्र के डोंगलपुर निवासी अमित (18) हरियाणा में जींस फैक्टरी में काम करते थे। भैया दूज के मौके पर वह गांव आए थे। रविवार शाम बाइक से कोतवाली क्षेत्र के डर्रा बुखारपुर निवासी अपने दोस्त गुड्डू (18) के साथ जाजूपारा गांव जा रहे थे। देर शाम जहानीखेड़ा–पिहानी मार्ग पर जाजूपारा गांव के पास उनकी बाइक में एक कार ने टक्कर मार दी। फिर अमित की बाइक सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई। उस पर जाजूपारा निवासी यासीन (32) और बबलू (33) सवार थे। हादसे में अमित और यासीन को गंभीर चोटें आईं। बबलू और गुड्डू को मामूली चोटें आईं।
सभी को सीएचसी लाया गया। यहां चिकित्सक ने अमित और यासीन को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अमित को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। यासीन की गंभीर हालत देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। अमित पांच बहनों में इकलौते थे। छह भाई बहनों में वह दूसरे नंबर पर थे। घटनास्थल से कार समेत चालक भाग गया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि मामला दूसरे थाने से जुड़ा है। जांच की जा रही है।
फोटो-17- मोर्चरी के बाहर मौजूद मृतक अमित के परिजन। संवाद