फोटो-11-स्टेशन रोड पर पदयात्रा कर नारेबाजी करते कांग्रेस पदाधिकारी। संवाद
- फोटो : HARDOI
पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस के बढ़ते दामों के विरोध में कांग्रेस पदाधिकारियों ने शहर के मुख्य मार्गों से बुधवार को पैदल मार्च निकाला व सरकार विरोधी नारे लगाए। राजीव भवन से शुरू हुई पद यात्रा में प्रदेश सचिव जीत लाल सरोज ने ने कहा कि आम जनमानस मोदी सरकार से त्रस्त है। पूंजीपति इस सरकार में मस्त हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में महंगाई रोकने के बड़े-बड़े दावों की दम पर सत्ता में भाजपा सरकार आई और अब महंगाई पर चुप्पी साधे हैं। आज डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। घटती आमदनी में लोगों को घर चलाना मुश्किल हो गया है।
जिलाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने कहा कि लॉकडाउन में जनता व छोटे मझोले व्यापारियों का काम धंधा चौपट है। उस पर से भाजपा सरकार ने कमर तोड़ महंगाई का बोझ लाद दिया है।
पदयात्रा नघेटा रोड से होते हुए सिनेमा चौराहा, बड़ा चौराहा, रामदत्त चौराहा, मुन्ने मियां चौराहा, रफी अहमद चौराहा होते हुए धर्मशाला रोड, सिनेमा चौराहा होते हुए एक बार फिर राजीव भवन में समाप्त हुई। शहर अध्यक्ष जमील अहमद अंसारी, साधू सिंह, नेतम भारतीय, डॉ. अजीमुश्शान, अनुपम दीक्षित, हरि ओम त्रिपाठी, शशि बाला वर्मा आदि पद यात्रा में शामिल रहे।