गढ़मुक्तेश्वर (हापुड़)। थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव जखैड़ा रहमतपुर के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार की देर रात तेज रफ्तार कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। घटना में दो महिलाओं और एक नौ माह के बच्चे की मौत हो गई। चालक को झपकी आने की वजह से यह हादसा हुआ। दोनों महिलाओं के पति घायल हो गए हैं। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर एक तरफ का यातायात बहुत देर तक बाधित रहा।
पुलिस के अनुसार जिला हरदोई के गांव मांझ निवासी अभिषेक व उनका साला लालाराम निवासी गांव सुकटिया सिंगावली जिला बरेली अपने परिवारों के साथ पंजाब के लुधियाना जा रहे थे। दोनों वहां पर खेतों में मजदूरी करते हैं। शनिवार की शाम करीब छह बजे अभिषेक, उसकी पत्नी चांदनी, नौ माह के पुत्र अभिजीत, साला लालाराम व साले की पत्नी सावित्री के साथ किराए के कैंटर में ट्रैक्टर, बाइक व घरेलू सामान लादकर लुधियाना रवाना हुए थे। अभिषेक व लालाराम कैंंटर में पीछे बैठे थे। चांदनी, सावित्री व अभिजीत आगे अंदर केबिन में थे।
देर रात करीब 12 बजे गांव जखैड़ा रहमतपुर के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर चालक को झपकी आ गई। इससे तेज रफ्तार कैंटर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गया। हादसे में सावित्री, चांदनी व अभिजीत की मौके पर ही मौत हो गई। कैंटर में पीछे बैठे अभिषेक और लालाराम घायल हो गए। हादसा होने के बाद कैंटर चालक भाग गया। घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर एक तरफ यातायात बाधित हो गया। पुलिस को हादसे की सूचना राहगीरों ने दी।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कैंटर को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने अभिषेक और लालाराम को वापस भेज दिया। सीओ स्तुति सिंह ने बताया कि हादसे के संबंध में पुलिस को अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पुलिस कैंटर चालक की तलाश कर रही है।
नींद आने पर कैंटर चालक को गजरौला में पिलाई थी चाय
घायल लालाराम ने बताया कि दुर्घटना से पहले भी कैंटर चालक को गजरौला के आसपास नींद आने लगी थी। इससे चालक कैंटर को सही ढंग से नहीं चला पा रहा था। दुर्घटना न हो इसलिए उन्होंने एक ढाबे पर कैंटर रुकवाकर चालक को चाय पिलाई थी। ड्राइवर ने वहां कुछ देर आराम भी किया था।
एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल
गंगा एक्सप्रेसवे पर लगातार बढ़ते हादसों के बाद भी तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा। लोगों का कहना है कि रात के समय भारी वाहनों की निगरानी और चालक जांच व्यवस्था किया जाए। इससे पहले सिंभावली में क्षेत्र के पीर नगर में गंगा एक्सप्रेसवे पर व्यक्ति की मौत हो गई थी। गोवंश की भी मौत हो चुकी है। सदरपुर के पास एक ट्रैक्टर पलट गया था।
-