बिलग्राम। भाई के बेटे को काजल लगाने पति के साथ जा रही विवाहिता ब्रेकर पर बाइक से उछलकर सिर के बल सड़क पर गिर गई। सिर में गंभीर चोटें आने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना उन्नाव कटरा मार्ग पर बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के दुर्गागंज के पास रविवार दोपहर पौने चार बजे हुई।
हरपालपुर निवासी विजेंद्र कुमार की पत्नी कोमल (28) का मायका माधौगंज थाना क्षेत्र के चंदौली गांव में है। कोमल के भाई आजाद के बेटा हुआ था। रविवार को चंदौली में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। यहां भाई के बेटे को काजल लगाने के लिए कोमल को जाना था। कोमल पति विजेंद्र के साथ बाइक से रविवार शाम लगभग चार बजे चंदौली जाने के लिए निकली थीं।
विजेंद्र ने बताया कि उन्नाव कटरा मार्ग पर दुर्गागंज के पास ब्रेकर पर बाइक चढ़ते ही झटका लग जाने से कोमल सिर के बल सड़क पर गिर गईं। मौके पर ही वह बेहोश हो गईं। विजेंद्र ने इसकी जानकारी परिजनों और रिश्तेदारों को दी। साथ ही एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से कोमल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिलग्राम ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने कोमल को मृत घोषित कर दिया। मृतका के दो बेटियां हैं। कोतवाल विजय कुमार ने बताया कि सीएचसी प्रशासन की सूचना पर शव कब्जे में लिया गया है।