रेलवे स्टेशन पर यात्री उपभोक्ता पखवाड़े के अंतर्गत यात्रियों की सेहत को
लेकर भी सजगता दिखाई गई। कैंटीन संचालकों को सफाई रखने और रेलवे से
निर्धारित खाद्य सामग्री रखने के निर्देश दिए गए, पर सजगता कुछ ही दिन
दिखाई दी और अब एक बार फिर कैंटीन पर सफाई नजर नहीं आ रही और निर्धारित
खाद्य सामग्री भी नहीं मिल रही।
स्वच्छता मिशन के
अंतर्गत रेलवे स्टेशन पर साफ सफाई अभियान शुरू कराया गया। रेलवे के निर्देश
पर 28 मई से नौ जून तक रेलवे यात्री उपभोक्ता पखवाड़े की शुरुआत की गई,
जिसमें रेलवे स्टेशन को स्वच्छ रखने के साथ ही खाद्य सामग्री के प्रति भी
सजगता बरतने के निर्देश अफसरों को दिए गए।
अधिकारियों ने पखवाड़े की शुरुआत
में तो रेलवे स्टेशन पर सफाई के लिए झाड़ू चलाई और कैंटीन संचालकों को भी
बेहतर सफाई रखने के साथ ही रेलवे से निर्धारित खाद्य सामग्री को अनिवार्य
रूप से रखने के निर्देश भी दिए। ऐसा न करने पर आरपीएफ द्वारा कैंटीन
संचालकों के विरुद्ध जुर्माना भी किया गया।
पर, अफसराें को स्वच्छता और
सजगता सिर्फ कुछ ही दिनों तक ही सीमित रही और पखवाड़ा समाप्त होने से पहले
ही स्टेशन पर साफ सफाई व्यवस्था धरी रह गई और कैंटीन पर भी न स्वच्छता नजर आ
रही और न ही निर्धारित खाद्य सामग्री।
कैंटीन एक बार फिर अपने मनमाने ढंग
से यात्रियों को खाद्य सामग्री को बेंच कर सेहत से खिलवाड़ कर रही हैं। इस
बाबत स्टेशन अधीक्षक रामरतन ने बताया कि वाणिज्यिक विभाग से आए निर्देशों
में भी निर्धारित सामग्री रखने को कहा गया, अन्य सामग्री कैंटीन नहीं बेंच
सकती हैं, जबकि साफ सफाई के लिए संचालकों को निर्देशित किया जा चुका है।