हरदोई। हरदोई-लखनऊ मार्ग पर शनिवार देर शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार सेवानिवृत्त रेलकर्मी की मौत हो गई।
देहात कोतवाली क्षेत्र के ग्राम टिकरा निवासी सोबरन लाल (65) रेलवे से सेवानिवृत्त होने के बाद गांव में ही रहते थे। उनके चार पुत्रों में दो लेखपाल, एक पुलिस और एक रेलवे में नौकरी करता है। शनिवार देर शाम सोबरन लाल बाइक से शहर जा रहे थे। रास्ते में देहात कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-लखनऊ मार्ग पर खेतुई मंदिर के निकट तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सोबरन हेलमेट नहीं लगाए थे। सिर के बल सड़क पर गिरने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के पास मिले मोबाइल फोन से परिजनों को सूचना दी। देहात कोतवाल रंधा सिंह ने बताया कि कार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।