हरदोई। पाली थाना क्षेत्र में शाहाबाद मार्ग पर दरियापुर मोड़ के निकट शुक्रवार देर शाम ओवरटेक करते समय ट्रैक्टर के हैरो में फंसकर बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
बेहटागोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम चांदपुर नरकतरा निवासी सोनू (24) लखनऊ में निजी कंपनी में काम करता था। शुक्रवार सुबह वह गांव आया था। देर शाम वह बाइक से पाली कस्बे के मोहल्ला विरहाना निवासी बहन विद्यावती के घर बाइक से आ रहा था। रास्ते में पाली थाना क्षेत्र में शाहाबाद मार्ग पर दरियापुर व मोड़ के निकट ट्रैक्टर को ओवरटेक करने के प्रयास कर रहा था।
इसी दौरान ट्रैक्टर के पीछे लगे हैरो में फंसकर सड़क पर जा गिरा। हेलमेट न लगाए होने से सिर में चोट आने से उसकी मौके पर मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। तलाशी के दौरान जेब में मिले मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। परिजन भी मौके पर आ गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ संदीप सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर कब्जे में लिया गया है। परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।