जिला अस्पताल में बिलखती मृतक की पत्नी।
- फोटो : अमर उजाला
लोनार थाना क्षेत्र के कटरा-बिल्हौर मार्ग पर सवायजपुर कस्बे के निकट ट्रक-लोडर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इसमें लोडर सवार चपरासी की मौत हो गई। चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सांडी थाना क्षेत्र के हूंसेपुर गांव निवासी होरीलाल (40) पुत्र धनीराम सवायजपुर तहसील में चपरासी था। उसके परिवार में पत्नी शकुंतला के अलावा एक बेटा अनिल है। सोमवार सुबह गांव से दूध की केन लेकर लोडर सवायजपुर आ रहा था। होरीलाल उसी लोडर से तहसील आ रहा था। लोनार थाना क्षेत्र के कटरा-बिल्हौर मार्ग पर सवायजपुर कस्बा के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से लोडर भिड़ गया। जोरदार टक्कर से लोडर में चालक के बगल में बैठे होरीलाल के सिर में गंभीर चोट आ गई। हादसे में लोडर चालक अंकेश वर्मा (22) घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एबुंलेंस से जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टर ने होरीलाल को ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। कोतवाल नजमुल हसन नकवी ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है।