घंटाघर रोड पर कुछ यूं खड़ी नजर आ रहीं बसें। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। शहर को स्वच्छ बनाने के लिए प्रशासन गंभीर है। चौराहों को सुंदर बनाने के साथ अतिक्रमण से निजात दिलाने के प्रयास लगातार हो रहे हैं। अब घंटाघर रोड पर फुटपाथ पर खड़ी रहने वाली बसों को हटाने की तैयारी है। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में जल्द ये अभियान चलाया जाएगा। दोबारा यहां बसों का कब्जा न हों, इसके लिए फुटपाथ पर बैरिकेडिंग भी जाएगी। इसके बाद भी बसें खड़ी मिलने पर उन्हें सीज किया जाएगा।
दो दिन पूर्व शहर के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी पुलकित खरे ने घंटाघर रोड की हालत देखी थी।
सड़क के दोनों ओर बड़े वाहनों को खड़ा देखकर सिटी मजिस्ट्रेट जंग बहादुर यादव को कड़े निर्देश दिए थे कि यहां की सभी बसों को हटाकर नुमाइश मैदान में खड़ा करवाने की व्यवस्था कराएं।
ईओ रविशंकर शुक्ला ने बताया कि सिटी मजिस्ट्रेट जल्द पुलिस बल के साथ अभियान चलाकर घंटाघर रोड से बसें हटवाएंगे। बसें खड़ी मिलने पर उन्हें सीज किया जाएगा। रोड के दोनों ओर बैरिकेडिंग भी कराई जाएगी। इसको तोड़ने पर बस मालिकों पर कार्रवाई की जाएगी।