हरदोई। भाईदूज पर सुबह से ही रोडवेज बस और रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों की चहलकदमी शुरू हो गई। भाई और बहन दोनों ही एक दूसरे से मिलने के लिए बसों और ट्रेनों से सफर करते नजर आए। त्योहार पर रोडवेज ने बसों के अतिरिक्त फेरे शुरू किए हैं और विशेष ट्रेनें भी चलीं लेकिन ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों को बहुत परेशान किया। ट्रेन से सफर करने वाले लोग घंटों इंतजार करते दिखे। वहीं बसों के यात्रियों को समय से बस मिलने से अधिक परेशान नहीं होना पड़ा।
भाईदूज का पर्व जिले में रविवार को मनाया गया। त्योहार पर भाई और बहन एक दूसरे के घर जाने के लिए सुबह ही निकल लिए। ऐसे में बस अड्डा और रेलवे स्टेशन पर काफी भीड़ रही। त्योहार को लेकर रोडवेज ने तो पहले से ही बसों के अतिरिक्त फेरे लगाने के निर्देश दिए थे। अनुबंधित बसों के भी फेरे बढ़ा दिए है। लगभग सभी रूटों पर एक के बाद एक बस यात्रियों को लगी मिली।
उधर रेलवे ने भले ही विशेष ट्रेन चलाई हो लेकिन लेट लतीफी पर लगाम नहीं लग सकी। लखनऊ जाने वाली शाहजहांपुर-लखनऊ एक्सप्रेस डेढ़ घंटे की देरी से, 12232 लखनऊ एक्सप्रेस दो घंटे, 13308 किसान एक्सप्रेस पौने दो घंटे, 13006 पंजाब मेल पौने दो घंटे, 05284 मुजफ्फरपुर विशेष ट्रेन साढ़े छह घंटे, 15076 त्रिवेणी एक्सप्रेस दो घंटे, 13152 सियालदह एक्सप्रेस पौने दो घंटे, 15910 अवध आसाम एक्सप्रेस एक घंटे, 12204 गरीब रथ एक घंटा 40 मिनट, 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस छह घंटे की देरी से हरदोई स्टेशन पर पहुंची। इसी प्रकार बरेली की ओर से जाने वाली ट्रेनें भी घंटों देरी से पहुंची। जिससे यात्री परेशान नजर आए।