हरपालपुर (हरदोई)। हरपालपुर चौसार मार्ग पर शुक्रवार की दोपहर एक बाइक सवार को बचाने में प्राइवेट बस पलट गई। घटना में डेढ़ वर्ष के बच्चे की मौत हो गई। 14 लोग घटना में घायल हुए हैं। इनमें से तीन की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
टिलियापुर निवासी राजेंद्र (35) बाइक से जा रहा था। हरपालपुर चौसार मार्ग पर टिलियापुर घटवासा के पास उसकी बाइक में दूसरे बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इससे वह अनियंत्रित हो गया। इसी दौरान उधर से निकल रही प्राइवेट बस के चालक ने उसे बचाने के लिए तेज ब्रेक लगा दी।
अचानक तेज ब्रेक लगाए जाने से बस पलट गई। घटना में अरवल थाना क्षेत्र के बेहथर निवासी अंकित के डेढ़ वर्षीय पुत्र दिव्यांशु उर्फ गोलू की मौके पर ही मौत हो गई। दिव्यांशु की मां लक्ष्मी (28) घायल हो गईं।
इसके अलावा फर्रुखाबाद जनपद के मेरापुर निवासी सुबोध यादव (26), सांडी के कुंदरौली निवासी धीरज (16) बेहटा मुड़िया निवासी विकास (19), अनुज (21), जयपाल (40), शिवम (23), जगरानी (35) बानामऊ गांव निवासी संतोष (48), रंगोली (18), साधना पाल (26) टिलियापुर निवासी वंदना (35) और उसका पति पप्पू (37) घायल हुए हैं। इसके अलावा बाइक चालक राजेंद्र भी घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। घटना की जानकारी पर हरपालपुर कोतवाल आनंद नारायण त्रिपाठी और अरवल थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार मौके पर पहुंच गए। सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी हरपालपुर में भर्ती कराया गया। यहां से संतोष, रंगोली और वंदना की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मुंडन में मां के साथ जा रहा था मासूम
बस दुर्घटना में बेटे दिव्यांशु की मौत की जानकारी मिलते ही मां लक्ष्मी बदहवास हो गई। लक्ष्मी अपने बेटे के साथ सांडी थाना क्षेत्र के नकबापुर गांव में अपने भाई के पुत्र के मुंडन संस्कार में शामिल होने के लिए बस से जा रही थी। लक्ष्मी का करुण क्रंदन सुनकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें भी भर आईं।