हरदोई। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल किशोर ने कहा है कि विश्व की बहुत सी महान सभ्यताएं इसलिए समाप्त हो गईं क्योंकि उन्होंने अपनी संस्कृति, अपने महापुरुषों और उनकी शिक्षाओं को भुला दिया। वह लखनऊ रोड पर केशव नगर में संत रविदास द्वार के लोकार्पण समारोह में बोल रहे थे।
समारोह में आरएसएस के प्रांत प्रचारक ने कहा कि हमें अपने सार्वजनिक स्थलों, निर्मित मार्गाें का नाम महापुरुषों के नाम पर रखना चाहिए। उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर आयोजन करने चाहिए। सांसद जय प्रकाश ने कहा कि गुरु गोविंद सिंह ने जो त्याग किया वह अतुलनीय था। एमएलसी अवनीश सिंह ने कहा कि संत रविदास से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए।
भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए जानकारी दी कि एमएलसी अवनीश सिंह ने निधि से संत रविदास द्वार का निर्माण कराया है, जबकि यहां के तीन मार्गाें का निर्माण सांसद निधि से कराया गया है। कार्यक्रम में विभाग संघ चालक शिवस्वरूप, जिला संघ चालक राकेश शर्मा, जिला कार्यवाह संजीव खरे, जिला प्रचारक रवि मौजूद रहे।
इनके अलावा जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह, ब्लाक प्रमुख संघ के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह और महामंत्री त्रिपुरेश मिश्रा, डा. सीपी कटियार, अमित आर्य भी मौजूद रहे।