- अधिकारियों और लोकायुक्त में शिकायत कर प्रताड़ित किए जाने की पुष्टि
- बीएसएस ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के यहां किया वाद दायर
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदाेई। फर्जी शिकायत के मामले में दर्ज एफआईआर में पुलिस ने न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल कर दिया। आरोप पत्र के बाद शुक्रवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी वीपी सिंह ने फर्जी शिकायतकर्ता के विरुद्ध अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के यहां मानहानि का वाद दाखिल किया है।
बीएसए ने बताया कि अधिकारियों और लोकायुक्त में फर्जी शिकायत दर्ज कराकर अधिकारियों, शिक्षकों और कर्मचारियों का मानसिक और सामाजिक उत्पीड़न किया जा रहा था। डीएम की तरफ से कराई गई तीन सदस्यीय जांच में पुष्टि हुई। जिस पर शिकायतकर्ता विमलेश शर्मा और उसके साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
पुलिस ने न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया है। बताया कि शिकायतकर्ता की तरफ से षड्यंत्र कर विद्यालयों की जांच कराई जाती थी। उसके बाद तत्कालीन खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय अशोक यादव के साथ मिलकर लेनदेन कर मामले को सुलझवाया जाता था। वहीं विभिन्न सोशल साइट्स पर अधिकारियों, शिक्षकों व शिक्षक नेताओं के खिलाफ अपमानित शब्दों का प्रयोग किया जाता रहा है।