बेनीगंज। कोथावां-संडीला मार्ग पर रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बाइक चलाते समय सड़क पर अचानक आए कुत्ते से टकराने पर वह सिर के बल गिर पड़ा। हेलमेट नहीं पहना था, जिससे सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौत हो गई।
बेनीगंज की नई बस्ती निवासी गुंजन वैश्य उर्फ अंशू (36) एलआईसी एजेंट था। उसके पिता विनोद वैश्य ने बताया कि गुंजन बृहस्पतिवार को जयपुर में एक बैठक में शामिल होने गया था। बाइक एलआईसी कार्यालय संडीला में खड़ी कर, वह साथियों के साथ कार से रवाना हुआ था।
रविवार सुबह लौटकर गुंजन ने संडीला से बाइक ली और घर के लिए निकला। कोथावां क्षेत्र में बेरुआ मोड़ के पास कुत्ता सामने से टकरा गया। इससे बाइक असंतुलित हो गई और वह सड़क पर सिर के बल गिर गया। पुलिस उसे सीएचसी कोथावां ले गई, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
कोतवाल संजय यादव ने बताया कि घटनास्थल पर मरा हुआ कुत्ता भी मिला। परिजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है।