माधौगंज। शारदा नहर के टूटे एेंचामऊ, अटवा व माधौगंज पुल क्षेत्र के विकास में बाधा बने हुए हैं। पुल टूटे होने से राहगीर परेशान हैं। वहीं किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने में खासी दिक्कत उठानी पड़ रही है। जनप्रतिनिधियों की कवायद के बाद शासन ने तीनों पुलों के निर्माण को मंजूरी दे दी है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बजट आवंटित होने के बाद काम शुरू कराया जाएगा।
बिलग्राम-मल्लावां विधानसभा क्षेत्र के गांव दौलतयारपुर में बघौली मार्ग पर बना पुराना नहर का पुल सितंबर 2018 में क्षतिग्रस्त हो गया था, इसके बाद से पुल से भारी वाहनों गुजरने पर रोक लगी है।
जिससे नगर पंचायत कुरसठ, अटवा अलीमर्दनपुर, कुरसठ बुजुर्ग, खुर्द, सौंहार, शहब्दा व पिलखना आदि दर्जनों गांव व उनके मजरों में रहने वाले किसानों को अपनी उपज मंडी तक लेकर पहुंचने में परेशानी होती है। पुल टूटा होने से रोडवेज बस का संचालन भी इस रूट पर बंद कर दिया गया है।
फिलहाल इस रूट से गुजरने वाले वाहनों को शेखवापुर पुल से होकर गुजारा जा रहा है। लगभग 90 साल पुराना यह पुल भी पूरी तरह से जर्जर हो चुका है और कभी भी क्षतिग्रस्त हो सकता है।
ग्राम ऐंचामऊ में शारदा नहर के ऊपर बना हुआ पुल भी लगभग दो दशक से टूटा पड़ा है। टूटे पुल पर बिजली के सीमेंटेड खंभे डालकर लोग पैदल व साइकिल से जान जोखिम में डालकर गुुजरते हैं। क्षेत्र के किसानों को कहना है कि मंडी तक पहुंचने के लिए उन्हें काफी लंबा चक्कर लगाना पड़ता है, ऐसे में अधिकांश किसान व्यापारियों को कम दाम में ही अपनी उपज बेंच देते हैं। कुछ यही हाल क्षेत्र के अटवा पुल का भी पुल का है, पुल अरसे से टूटा पड़ा है।
किसानों ने बताया कि कई बार जनप्रतिनिधियों से कहा गया, लेकिन कभी किसी ने समस्या का निस्तारण कराने की कोशिश नहीं की।
हाल ही में समाजसेवी नवल माहेश्वरी व मुन्नू लाल द्विवेदी आदि जनप्रतिनिधियों के सामने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था, इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने पुल शनिर्माण को मंजूरी दिलाने की कवायद शुरू की। शासन ने तीनों पुलों के निर्माण को मंजूरी दे दी है। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता राम नरेश गौतम ने बताया कि शासन ने अटवा, ऐंचामऊ व माधौगंज, तीनों पुलों के नये सिरे से निर्माण स्वीकृत दे दी है। इन पर लगभग छह करोड़ से अधिक की लागत आएगी। बताया कि डिमांड भेजी गई है, शासन से बजट आवंटित होते ही पुलों के निर्माण का काम शुरू कराया जाएगा।