भरावन में अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम जगसरा में किसान की मौत के मामले में पुलिस ने उसके बेटे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
ग्राम जगसरा निवासी मोहरअली (48) पुत्र इलाही का शव सोमवार सुबह घर के अंदर चारपाई पर पड़ा मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की बात सामने आई, तो पुलिस ने परिजनों से सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में किसान के भाई सद्दीक ने बताया कि मोहरअली शराब पीने का आदी था।
रविवार रात भी वह शराब पीकर आया और पत्नी व बच्चों से बदसलूकी करने लगा। इस पर मोहरअली के बड़े बेटे इजरायल को गुस्सा आया और उसने अपने पिता का गला जोर से पकड़ लिया। इस दौरान उसकी मौत हो गई। अतरौली प्रभारी निरीक्षक संतोष तिवारी ने बताया कि मृतक के भाई की तहरीर पर बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।