हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के रहुला गांव से बच्चे के अपहरण के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अपहरण में इस्तेमाल की गई कार भी पुलिस ने बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। बच्चे की बहन से शादी न हो पाने और पूर्व से चल रहे विवाद के कारण घटना को अंजाम देने की बात सामने आई है।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के रहुला निवासी शमशुद्दीन का पुत्र अल्तमश (12) कक्षा दो का छात्र है। शनिवार शाम गांव से ही उसका अपहरण हो गया था। रविवार सुबह आठ बजे लखनऊ जनपद के मलिहाबाद थाना क्षेत्र में झाड़ियों में पड़ा मिला था। उसे सीएचसी मलिहाबाद में भर्ती कराया गया था। बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया था। पूछताछ में उसने गांव के ही हाशिम पर अपने एक साथी के साथ अपहरण करने की बात बताई थी। पुलिस ने पूरी घटना में रहुला निवासी हाशिम और माधौगंज थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर जगई निवासी शामीन को गुलाबबाड़ी चुंगी के पास से गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर ली गई है।
अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी एमपी सिंह ने बताया कि शमशुद्दीन का विवाद हाशिम के परिजनों से चल रहा है। हाशिम शमशुद्दीन की बेटी से निकाह भी करना चाहता था, लेकिन बात नहीं बन पा रही थी। इसी वजह से घटना को अंजाम दिया।