हरदोई / टड़ियावां। टड़ियावां थाना क्षेत्र में रसूलापुर गांव के सामने शारदा नहर के फॉल में नहाने के दौरान रील बनाते समय डूबे प्रशिक्षु सिपाही का शव सोमवार सुबह लगभग पौने दस बजे 20 मीटर दूर मिला। चिकित्सकों के पैनल से वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
औरैया जनपद के सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सत्तेश्वर निवासी गौरव कुमार (26) प्रशिक्षु सिपाही थे। पुलिस लाइन में उनका प्रशिक्षण चल रहा था। रविवार को दिन में लगभग 10:30 बजे गौरव प्रशिक्षु सिपाही राजेंद्र और सुरजीत शर्मा के साथ खरीदारी के लिए पुलिस लाइन से बाहर आए थे। इसके बाद वह लोग शारदा नहर में नहाने चले गए थे। यहां नहाते समय रील बनाने के दौरान तीनों पानी में डूब गए थे। बाहर खड़े साथियों ने सुरजीत और राजेंद्र को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था जबकि गौरव डूब गया था। एसडीआरएफ की टीम ने तलाशी अभियान चलाया था लेकिन कोई सुराग नहीं मिला था। रात दस बजे तलाश बंद कर सोमवार सुबह फिर से तलाशी शुरू की गई थी। इसी दौरान लगभग पौने दस बजे घटनास्थल से बीस मीटर दूर शव मिला। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि पैनल से वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम कराया गया है। शव परिजन को सौंप दिया गया है। परिजन शव लेकर अपने पैतृक आवास चले गए हैं।