सवायजपुर। कस्बे में मेडिकल स्टोर संचालक की पत्नी का शव सोमवार देर रात घर में ही फंदे पर लटकता मिला। जानकारी पर पहुंचे मृतका के पिता ने दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप ससुरालीजनों पर लगाया। मंगलवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम में फंदा लगाकर खुदकुशी किए जाने की बात सामने आई है, लेकिन शव पर चोट के निशान भी मिले हैं।
सवायजपुर निवासी अभिजीत शर्मा मेडिकल स्टोर चलाते हैं। उनकी शादी 22 जून 2023 को पिहानी कोतवाली क्षेत्र के सिमौर निवासी गजोधर की बेटी सुभाषिनी (30) के साथ हुई थी। कस्बे में स्थित मकान में दंपती ही रहते थे। सास ससुर व अन्य परिजन फर्रूखबाद में स्थित मकान में रहते हैं। अभिजीत का कहना है कि सोमवार रात मेडिकल स्टोर बंद कर घर पहुंचने पर उसे सुभाषिनी का शव फंदे पर लटकता मिला। पड़ोसियों की मदद से सुभाषिनी को फंदे से नीचे उतारा और उसके जीवित होने की उम्मीद में सीएचसी ले गए। यहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी पर मृतका के पिता गजोधर भी पहुंच गए।
इनका आरोप है कि ससुरालीजन शादी के बाद से ही दहेज में एक प्लाट और बीस लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर उत्पीड़न किया जा रहा था। आरोप लगाया कि तीन अगस्त की रात बेटी की पिटाई कर हत्या कर दी और शव फंदे पर लटका दिया। वीडियोग्राफी और चिकित्सकों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम में फंदा लगाकर खुदकुशी किए जाने की बात सामने आई है। चेहरे और दोनों हाथों पर डंडों की चोट के निशान भी मिले हैं।
पोस्टमार्टम हाउस में ससुराल पक्ष के लोग नहीं पहुंचे। मृतका के मायके से बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। शव भी यहां से मायके वालों ने ले लिया। बाद में पुलिस ने समझा बुझाकर शव ससुरालीजनों को दिलाया। थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि मायके पक्ष के लेागों ने आरोप लगाए हैं। उनसे शिकायती पत्र लेकर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।