हरदोई। गेहूं पिसाने के लिए शनिवार रात घर से निकले सुरसा थाना क्षेत्र के बजानीपुरवा निवासी युवक का शव रविवार सुबह फर्दापुर के तालाब में मिला। शव देखकर परिजन बदहवास हो गए। प्राथमिक जांच में डूबकर मौत होने की बात सामने आई। परिजन ने फिलहाल कोई आरोप नहीं लगाए हैं।
बजानीपुरवा निवासी रामू (32) खेती करते थे। भाई मुकेश ने बताया कि शनिवार शाम रामू गेहूं पिसाने के लिए साइकिल से गोरही गांव जाने को निकले थे। देर रात तक वापस न आने पर परिजन ने उनकी तलाश की लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। रविवार सुबह शहर कोतवाली क्षेत्र के फर्दापुर गांव के पास स्थित तालाब में उनका शव पड़ा देख ग्रामीणों ने परिजन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन शव देखकर बिलख पड़े।
इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिवार में पत्नी सुनीता और एक पुत्र है। परिजन ने फिलहाल किसी पर कोई आरोप नहीं लगाए हैं। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि डूबकर मौत होने की बात अब तक की जांच में सामने आई है। यह भी पता चला है कि मृतक नशे का आदी था। पोस्टमार्टम में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।