सवाजयपुर। कोतवाली क्षेत्र के कनकपुर उबरिया में मंगलवार सुबह युवक का शव फंदे से लटका मिला। भाई ने शव देखकर परिजन और पुलिस को सूचना दी। चर्चा है कि कर्ज को लेकर मृतक और परिजन के बीच आए दिन विवाद होता था। इसको लेकर युवक परेशान था। हालांकि परिजन और पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
कुलदीप (34) जयपुर में एक प्राइवेट फैक्टरी में काम करते थे। रक्षाबंधन पर वह गांव आए थे। छोटे भाई शोभित ने बताया कि मंगलवार सुबह कुलदीप बिना कुछ बताए घर से निकल गए थे। कुछ देर बाद शोभित शौच के लिए अपने खेत की तरफ गया तो वहां कुलदीप का शव आम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। इसकी सूचना उसने परिजन को दी तो परिजन भी मौके पर आ गए। परिवार में पत्नी आरती, तीन बेटियां और एक बेटा है। पिता रामहेत और भाई शोभित ने घटना की वजह पता होने से इन्कार किया है। थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजन घटना को लेकर कुछ बता नहीं रहे हैं।