हरदोई। सपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने कहा कि लाल टोपी बीजेपी के लिए रेड अलर्ट है। काली टोपी वालों का दिल भी काला है। उन्होंने कहा कि भारत सभी का है। भाजपा और आरएसएस धार्मिक उन्माद फैलाकर हिंदू मुस्लिम के बीच दूरियां पैदा कर रहे हैं। इसके दम पर सत्ता पाने का सपना देख रही है, लेकिन जनता हकीकत जान गई है।
शहर के गांधी भवन में सपा कार्यकर्ता मेहराज की ओर से आयोजित अल्पसंख्यक समाज के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि भारत में हिंदू, मुस्लिम, सिक्ख, इसाई, बौद्ध पांच अंगुलियों की तरह हैं। एक का नुकसान होने पर दर्द पूरे हाथ में होता है। इसलिए सपा सभी को बराबर सम्मान और हक देने की पक्षधर है। भाजपा सरकार में अल्पसंख्यक समाज के साथ अन्याय हुआ है। भाजपा ने जनता के दिल में जहर घोलने का काम किया है। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा जीतू, पूर्व विधायक बाबू खां, पूर्व विधायक अनिल वर्मा, नगर अध्यक्ष रियासत खां, सईद अहमद, सरताज खां, आजम मुन्ने नदीम मंसूरी, अमान खां, रहमत अली, अजय पाल सिंह, सतेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।
वहीं संडीला में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि दोगुना राशन देकर सरकार मतदाताओं को प्रलोभन दे रही है, लेकिन इससे कुछ होने वाला नहीं। लाखों लोगों को रोजगार देने का वादा भाजपा ने किया था, लेकिन नौकरी नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव की लोकप्रियता को देखकर भाजपाई बौखला गए हैं। पत्रकार वार्ता में डॉ. अश्वनी सिंह, अकील अंसारी, अमान खां, अशोक यादव, मोहम्मद आलम खां, शेखर मिश्रा, वसीम वारसी आदि मौजूद रहे ।