किसानों को 18 घंटे बिजली आपूर्ति कराने सहित किसान
हित की सात सूत्री मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन भानु गुट के
पदाधिकारियों और किसानों ने शनिवार को कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया
और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई कराने की मांग की।
इस दौरान
कलक्ट्रेट परिसर में धरना प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाकियू भानु गुट के
जिलाध्यक्ष गवर्नर सिंह यादव ने कहा कि ओलावृष्टि और बरसात से गेहूं की
फसल बरबाद हुई, जिसका मुआवजा अभी तक नहीं दिया गया। कहा कि इससे किसानों को
आर्थिक समस्याओं से जूझना पड़ रहा है।
उन्होंने किसानों को शीघ्र से शीघ्र
मुआवजा दिलाने की मांग की। उन्होंने समाजवादी पेंशन को लाभार्थियों के
सीधे खातों में भेजने और किसानों द्वारा बनवाए गए क्रेडिट कार्ड का ब्याज
शीघ्र माफ करने की भी मांग की। उन्होंने किसानों को यूरिया, खाद और डीएपी
सस्ते दामों पर दिलाने की पैरवी की।
जिलाध्यक्ष ने किसानों को 18 घंटे
बिजली दिलाने एवं बीपीएल सूची के आधार पर बिजली के कनेक्शन नि:शुल्क करवाए
जाने की भी मांग की। इस दौरान किसानों ने जोरदार नारेबाजी कर प्रदर्शन भी
किया और जिलाधिकारी रमेश मिश्र को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई कराने की मांग
की।
दिए गए ज्ञापन में उक्त के अलावा जिले के माइनरों की सील्ड सफाई करवाकर
टेल तक पानी पहुंचाए जाने की भी मांग शामिल है। इस मौके पर बलवीर राजवंशी,
केशन लाल वर्मा, विशंभर नाथ राजवंशी, मायावती, चमेली देवी, विभा देवी,
सुरेश सिंह, गंगाराम राजवंशी और रामपाल गौतम आदि लोग मौजूद थे।