हरदोई। सपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष और एमएलसी डा. राजपाल कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर सपाइयों के वोट कटवा रही है। फर्जी वोट बनवाए जाने का आरोप भी एमएलसी ने लगाया।
सदर विधानसभा क्षेत्र की सपा की बूथ कमेटियों की समीक्षा बैठक शुक्रवार को नगर पालिका परिसर स्थित कार्यालय में हुई। बैठक मेें डॉ. राजपाल कश्यप ने कहा कि भाजपा चालबाज पार्टी है। सभी बूथ और सेक्टर अध्यक्ष सावधान रहें।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों के वोट कट गए हैं, वह लोग ऑनलाइन वोट बनवाने के लिए आवेदन करें। सपा सरकार ने जो कार्य किए हैं उन्हीं कार्याें को भाजपा सरकार अपना बता रही है।
उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। सपा जिलाध्यक्ष जितेंद्र वर्मा जीतू ने कहा कि सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर पर मजबूती से कार्य करें। इस दौरान पूर्व विधायक अनिल वर्मा, अजय पाल सिंह, रहमत अली मोनू, अमित सिंह मीतू, अहिबरन यादव, अतुल उपाध्याय, रियासत खां आदि मौजूद रहे।