हरदोई। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए भाजपा और सपा प्रत्याशी के बीच सीधा मुकाबला होगा। मंगलवार का दिन नाम वापसी के लिए निर्धारित था, लेकिन कयासों के विपरीत सपा प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया। अब तीन जुलाई को मतदान के जरिए जिला पंचायत का अध्यक्ष चुना जाएगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति की महिला के लिए आरक्षित है। भाजपा ने सुरसा पंचम से निर्वाचित प्रेमावती को प्रत्याशी बनाया है, जबकि सपा ने सुरसा प्रथम क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित मुन्नी देवी गौतम को मैदान में उतारा है। दोनों ही प्रत्याशियों ने बीती 26 जून को नामांकन पत्र दाखिल किए थे। भाजपा प्रत्याशी ने चार सेट में और सपा प्रत्याशी ने तीन सेट में नामांकन पत्र दाखिल किए थे।
पिछले दो दिनों से कयास लगाए जा रहे थे, कि मंगलवार को सपा प्रत्याशी नाम वापस ले सकती हैं, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि किसी भी प्रत्याशी ने नामांकन वापस नहीं लिया है। अब तीन जुलाई को जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मतदान होगा।
11 बजे से होगा मतदान, तीन बजे से मतगणना
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि चुनाव तीन जुलाई को होगा। जिलाधिकारी के न्यायालय कक्ष में मतदान की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। सुबह 11 बजे से दोपहर बाद तीन बजे तक मतदान होगा। मतदान के फौरन बाद मतगणना होगी और फिर आयोग की अनुमति से चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा।
बैलेट पेपर में पहले नंबर पर होगा प्रेमावती का नाम
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कोई नामांकन वापस न होने के बाद अब चुनाव के लिए बैलेट पेपर छपवाने का कार्य चुनाव में लगे अधिकारियों ने शुरू कर दिया है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक कुल 72 सदस्यों के लिए इतने ही बैलेट पेपर की व्यवस्था रखी जाएगी। बैलेट पेपर में पहले नंबर पर भाजपा प्रत्याशी प्रेमावती का नाम होगा, जबकि दूसरे नंबर पर सपा प्रत्याशी मुन्नी देवी गौतम का नाम होगा।