मलेहरा में चौपाल को संबोधित करते भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश पाल। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और जिले के प्रभारी प्रकाश पाल ने कहा है कि प्रदेश सरकार के चार वर्ष के कार्यकाल में शानदार सकारात्मक बदलाव हुए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बेरोजगारी दर वर्ष 2017 में 17.05 फीसदी थी वह मार्च 2021 में घटकर 4.1 प्रतिशत रह गई है। वह संडीला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मलेहरा और लोहराई में ग्राम चौपालों को संबोधित कर रहे थे।
ग्राम चौपाल में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बेघरों को आवास देने में उत्तर प्रदेश को देश में पहला स्थान मिला है। उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार ने एक लाख 35 हजार परिषदीय विद्यालयों का कायाकल्प किया और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निशुल्क कोचिंग की व्यवस्था कराई। उन्होंने विकास कार्यों और कानून व्यवस्था को लेकर तुलनात्मक आंकड़े प्रस्तुत किए। यहां भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कर्मवीर सिंह चौहान और संडीला के निवर्तमान ब्लाक प्रमुख वीरेंद्र सिंह मौजूद रहे। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राम बहादुर सिंह और जिला महामंत्री अनुराग मिश्रा की मौजूदगी में पिहानी विकास खंड के ग्राम सरैंया में चौपाल का आयोजन किया गया। यहां दोनों नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियां बताईं। सवायजपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम बरसोहिया में भी ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। यहां भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रीतेष दीक्षित ने केंद्र सरकार की छह वर्षीय और प्रदेश सरकार की चार वर्षीय उपलब्धियां बताईं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना स्वच्छ भारत मिशन, किसान सम्मान निधि आदि के बारे में जानकारी दी। चौपाल को गन्ना विकास संघ के निदेशक धीरेंद्र प्रताप सिंह ने भी संबोधित किया। इस दौरान केपी सिंह, अनूप सिंह, विजेंद्र सिंह, बृजेश सिंह, राम सिंह कुशवाहा, प्रवीण दीक्षित आदि मौजूद रहे।