हरदोई। देश व प्रदेश की अर्थव्यवस्था ढहने की कगार पर है और बेरोजगारी चरम पर है। कृषि व उद्योग धंधे चौपट हो रहे हैं। भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।
शुक्रवार को तीसरे दिन ब्लाक भरखनी के ग्राम रूपापुर में मुख्य अतिथि कांग्रेस कमेटी सचिव प्रभारी जीत लाल सरोज ने नुक्कड़ सभा में कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में देश व प्रदेश की जीडीपी लगातार गिर रही है। भाजपा सरकार अब आरबीआई के इमरजेंसी खजाने पर भी हाथ साफ कर चुकी है। कर्मचारियों की गाढ़ी कमाई डूबती कंपनियों में निवेश करके पूंजीपतियों की झोली भरी जा रही है। जिला कांग्रेस कमेटी जिलाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, लेकिन हकीकत यह है कि रोजगार तेजी से खत्म हो रहे हैं। अनुपम दीक्षित ने कहा कि किसान बेहाल है। किसानों की लागत मूल्य पर 50 प्रतिशत मुनाफा समर्थन मूल्य से नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा निर्भान सिंह यादव, डा. सीपी सिंह, अलाउद्दीन, गोपाल पांडेय व साधू सिंह सोमवंशी ने भी सभा को संबोधित किया।
इस मौके पर अजीत सिंह चंदेल, रामेंद्र सिंह तोमर, विदुर त्रिवेदी, सुहेल खां, उमरदराज खां आदि मौजूद रहे।