शाहाबाद। कस्बे के मीरपुर गन्नू के पास एक कोल्ड स्टोर परिसर में आयोजित सपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार पर तीखे वार किए गए। सम्मेलन के आयोजक पूर्व विधायक सपा नेता आसिफ खां बब्बू ने कहा कि 700 से अधिक किसानों की मौत के बाद जब भाजपा ने अपना सिंहासन डोलता देखा तो तीनों कृषि कानून वापस ले लिए। कहा कि भाजपा सरकार की रंग बदलने वाली कला को जनता जान चुकी है।
कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व सांसद सपा नेता अंशुल वर्मा ने कहा कि भाजपाई हमेशा झूठ बोलते हैं। चुनाव नजदीक है तो छल, प्रपंच और मायाजाल से मतदाताओं को गुमराह करेंगे। अखिलेश यादव के समर्थन में उमड़ रहे जन सैलाब से सत्ताधारी दल की नींद उड़ी हुई है। केंद्रीय उपभोक्ता भंडार के सभापति सपा नेता डॉ. अरुण मौर्य ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने जुमलों की दम पर सरकार बनाई है।
जनता को झूठे सपने दिखाए और किसानों को बर्बाद कर दिया। कहा कि भाजपा सरकार के एक मंत्री के पुत्र ने लखीमपुर में किसानों पर जीप चढ़ा दी, लेकिन फिर भी मंत्री को नहीं हटाया गया। पूर्व सांसद राममूर्ति वर्मा के पुत्र सपा नेता राजेश वर्मा ने कहा कि समाजवादियों का काम बोलता है। राम के नाम पर जनता को लड़ाकर भाजपा फायदा उठाती रही है।
सम्मेलन में किसान आंदोलन में मृत किसानों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम को शाहजहांपुर के जिला पंचायत सदस्य पिंटू यादव, ददरौल विधानसभा क्षेत्र के सपा अध्यक्ष मुनेंद्र सिंह यादव, प्रभु सिंह यादव, डॉ. एबी लाल, तारिक खां, चांद मियां, इमरान खां, पूर्व प्रधान रामकुमार जिंदल, विनोद पाठक आदि ने भी संबोधित किया।
मैने कराई थी आंझी ओवरब्रिज की स्वीकृति : अंशुल
वर्ष 2014 से 2019 के बीच सदर लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे अंशुल वर्मा ने शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र में आंझी रेलवे क्रासिंग पर ओवरब्रिज के निर्माण को लेकर बड़ा दावा किया। भाजपा के टिकट पर सांसद रहे अंशुल वर्मा वर्ष 2019 में टिकट कटने पर सपा में शामिल हो गए थे। अंशुल वर्मा ने बुधवार को सम्मेलन में कहा कि जब वह सांसद थे तब 14 मई 2015 को ओवरब्रिज की मंजूरी दिलाई थी, लेकिन अब सत्ताधारी लोग इसे अपनी उपलब्धि बताने में लगे हैं।