पाली (हरदोई)। पुलिस से शिकायत किए जाने का शक होने पर एक व्यक्ति ने अपने परिजनों के साथ भाजपा के बूथ अध्यक्ष को पीट दिया। उनके मकान में तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।
पाली नगर के मोहल्ला रामनगर निवासी नन्हें कुशवाहा भाजपा के ख्वाजगीपुर-धर्मपुर के बूथ अध्यक्ष हैं। पुलिस को दी तहरीर में बताया कि होली के दिन मोहल्ले के ही मचले कुशवाहा अपने परिवार के साथ डाले में डीजे बांधकर पूरे मोहल्ले में बजा रहे थे। इसकी सूचना किसी ने पुलिस को दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने डीजे बंद करा दिया और सभी को हिदायत देकर घर भेज दिया।
नन्हें का कहना है कि मचले कुशवाहा और उसके परिजनों को शक था कि शिकायत उसने की है। इसी से नाराज होकर मचले अपने परिजनों के साथ घर पर आ गए। गाली गलौज और मारपीट की। मकान के दरवाजे पर पड़े टिनशेड को भी गिरा दिया। थानाध्यक्ष सोमपाल गंगवार ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। चार लोगों का शांतिभंग की आशंका में भी चालान किया गया है।