हरदोई। टड़ियावां थाना क्षेत्र में खपरा-खाड़ाखेड़ा मार्ग पर शनिवार देर रात खड़ी ट्रैक्टर-ट्राली में बाइक सवार जा घुसा। गंभीर हालत में उसे सीएचसी अहिरोरी पहुंचाया गया, यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
टड़ियावां थाना क्षेत्र के खपरा निवासी मुनीम (36) खेती करते थे। शनिवार देर रात वह पड़ोसी गांव खाड़ाखेड़ा गए थे। वहां से रात लगभग साढ़े 11 बजे बाइक से वापस अपने घर जा रहे थे। रास्ते में ट्रैक्टर-ट्राली खड़ी थी। मुनीम बाइक समेत इसी ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गया। आसपास के खेतों में पानी लगा रहे किसान मौके पर पहुंचे और परिजनों को जानकारी देने के साथ ही एंबुलेंस सेवा को भी फोन कर दिया। एंबुलेंस से उसे सीएचसी अहिरोरी में पहुंचाया गया, लेकिन यहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया।
मुनीम के परिवार में पत्नी करिश्मा और दो बच्चे हैं। मुनीम का एक छोटा भाई भी है जो मुंबई में रहकर प्राइवेट नौकरी करता है। टड़ियावां के प्रभारी निरीक्षक एके सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। अगर तहरीर देंगे तो रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।