शाहाबाद। नगर के सांडी मार्ग पर शनिवार को सड़क पर आपस में लड़ रहे सांड़ों ने बाइक को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरे व्यक्ति का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला लोथू निवासी राम अक्षय (42) मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शनिवार को वह अपने पड़ोसी सरताज (48) की बाइक पर बैठकर मजदूरी के लिए शाहाबाद नगर जा रहे थे। शाहाबाद सांडी मार्ग पर गढ़ी चांदखां के सड़क पर दो सांड़ आपस में लड़ रहे थे। लड़ते हुए सांड़ों ने अचानक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक असंतुलित होकर पलट गई। गंभीर रूप से घायलों को सीएचसी शाहाबाद ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद राम अक्षय को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, गंभीर रूप से घायल सरताज की नाजुक हालत देखते हुए डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा और कोई नहीं है। कोतवाल अरविंद कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।