हरदोई। डीजे पर डांस को लेकर हुई कहासुनी में कार चालक ने बृहस्पतिवार देर रात बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। घटना में बाइक समेत युवक कार में फंसकर बीस मीटर तक घिसटता चला गया। घटना शहर काेतवाली क्षेत्र में पिहानी चुंगी के पास हुई। घायल को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कार और बाइक पुलिस के कब्जे में है।
शहर के मोहल्ला अशराफ टोला निवासी शिवा मिश्रा (19) प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है। शहर के भूसा मंडी निवासी शिवा के दोस्त मुकेश गुप्ता ने बताया कि उनकी मौसी रीना हरियावां थाना क्षेत्र के गाड़ाखेड़ा में रहती हैं। बृहस्पतिवार की रात मौसी की पुत्री शिवानी की शादी थी। वह शिवा को लेकर शादी में शामिल होने गया था। वहां सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम झल्लामऊ निवासी रौनक यादव भी आया था। आरोप है डीजे पर डांस के दौरान उनकी और शिवा की रौनक से कहासुनी हो गई थी। बाद में मामला शांत हो गया था। देर रात वह शिवा के साथ वापस घर जा रहा था। शिवा बिना हेलमेट लगाए बाइक चला रहा था। वह पिहानी चुंगी पहुंचा। वहां जाम लगा था। वह बाइक से उतर कर पुलिस बूथ के पीछे बने शौचालय चला गया। शिवा बाइक पर बैठा रहा। इस दौरान कार सवार आरोपी रौनक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। इसमें शिवा बाइक समेत कार में फंसकर करीब 20 कदम मीटर तक घिसटते चला गया। शिवा कार से छिटक गया लेकिन बाइक फंसी रही। बाइक समेत कार 100 मीटर दूर आगे पेट्रोल पंप पर कार छोड़कर आरोपी भाग गया। मुकेश ने शिवा को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शिवा की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।