माधौगंज। माधौगंज थाना क्षेत्र के नयागांव मार्ग पर बाइक सवार युवक को डंपर ने पीछे से टक्कर मार दी। रविवार दोपहर हुई घटना में बाइक चालक की मौत हो गई जबकि उसकी मां और बहन मामूली रूप से चोटिल हो गए। घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर मौके से भाग निकला। घटना से नाराज मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने जाम लगा दिया। एसडीएम और सीओ के आश्वासन पर परिजन मान गए।
माधौगंज थाना क्षेत्र के सुमेरगंज निवासी अंकित (19) माधौगंज में घरों में फूल बांटने का काम करता था। मां कुंती सैनी (50) बोलने में असमर्थ हैं। पिछले कुछ दिनों से वह बीमार थीं। अंकित रविवार को बहन रेनू (14) और मां कुंती को लेकर दवा दिलाने माधौगंज गया था। वहां से वापस आते समय नयागांव मार्ग पर डंपर ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। सिर के बल सड़क पर गिरे अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। वह हेलमेट नहीं लगाए था।
कुंती और रेनू मामूली रूप से घायल हो गईं। घटना का पता चलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। इसी बीच कुछ ग्रामीण भी वहां पहुंचे। इन लोगों ने डंपर चालक के खिलाफ कार्रवाई और मुआवजा दिलाए जाने की मांग को लेकर नया गांव मार्ग पर जाम लगा दिया। इसकी जानकारी पर एसडीएम बिलग्राम एन राम और सीओ बिलग्राम आरपी सिंह मौके पर पहुंचे। परिजनों को हर संभव कार्रवाई और मदद का भरोसा दिलाकर जाम खुलावाया। सीओ ने बताया कि डंपर पुलिस के कब्जे में है। पंजीकरण संख्या के आधार पर जानकारी जुटाई जा रही है। परिजनों से तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।